वैवाहिक खरीदारी से सोने-चांदी में तेजी जारी

नई दिल्ली: वैवाहिक मांग बने रहने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने में लगातार तीसरे दिन तथा चांदी में चौथे दिन बढ़त दर्ज की गई। पीली धातु 30 रूपए चमककर 29,880 रूपए प्रति दस ग्राम पर तथा सफेद धातु 50 रूपए की तेजी के साथ करीब साढ़े तीन महीने के उच्चतम स्तर 43,450 रूपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सप्ताहांत पर शुक्रवार को सोने-चांदी के गिरावट में रहने से स्थानीय बाजार में आज  इनकी बढ़त सीमित रही। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत दिवस सोना हाजिर 3.25 डॉलर टूटकर 1,234.75 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 5.60 डॉलर फिसलकर 1,236 डॉलर प्रति औंस पर रहा। 
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर में आई मजबूती से शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना टूटा है। लेकिन, यह सप्ताह सोने के लिए अच्छा रहा। वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों के लुढक़ने से पीली घातु कई महीने के उच्चतम पर पहुंचकर अब भी उससे बहुत ज्यादा नीचे नहीं है। 
लंदन में चांदी हाजिर भी सप्ताहांत पर 0.08 डॉलर की गिरावट के साथ 17.97 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। 
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 30 रूपए चमककर 29,880 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 29,730 रूपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रूपए पर स्थिर रही।
चांदी हाजिर में 50 रूपए तथा वायदा में 75 रूपए की मजबूती देखने को मिली और ये क्रमश: 43,450 रूपए और 42,935 रूपए प्रति किलोग्राम बोली गईं। सिक्कों में टिकाव रहा। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 73 हजार तथा 74 हजार रुपये प्रति सैकड़ा पर ही बने रहे। 
कारोबारियों ने बताया कि धीरे-धीरे वैवाहिक मांग आनी शुरू हो गई है, हालांकि अभी यह बेहद कम है। इसलिए विदेशी बाजारों में गिरावट के बाद भी स्थानीय स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में तेजी रही। 
Previous Post Next Post