कानून व्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रहे जंग: केजरीवाल


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उप राज्यपाल नजीब जंग पर निशाना साधते हुए उन पर ‘‘दिल्ली में कानून व्यवस्था पर ध्यान नहीं देने’’ और उनकी सरकार के काम-काज में ‘‘बाधाएं पैदा करने’’ का आरोप लगाया है। जंग को लिखे एक पत्र में केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली ‘अत्यधिक असुरक्षित’ बन गई है जिससे पर्यटक इस राष्ट्रीय राजधानी में आने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की।

दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा यह पत्र, जंग के उन ‘दो पत्रों’ के जवाब लिखा गया है जिसमें उप राज्यपाल ने आप सरकार द्वारा नियुक्त कुछ अधिकारियों व सलाहकारों के बारे में विवरण मांगा था। दिल्ली में बलात्कार की घटनाएं बढ़ने और अपराध में अचानक तेजी आने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उप राज्यपाल की जिम्मेदारी है। ऐसा लगता है कि शहर में कोई कानून व पुलिस नहीं है और पूरे शहर में ‘जंगल राज’ कायम है।

उन्होंने पूछा, ''मैं जानना चाहता हूं कि आपने दिल्ली में बलात्कार की घटनाओं को रोकने और कानून व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए हैं और भविष्य में क्या कदम उठाएंगे।’’ उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या जंग ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है। केजरीवाल ने कहा, ''मैं उम्मीद करता हूं कि आप जल्द ही मेरे पत्र का जवाब देंगे ताकि दिल्ली के लोगों को इस (कानून व्यवस्था की स्थिति) बारे में जानकारी मिल सके।
Previous Post Next Post