सिक्किम की किशोरियों को नोएडा बेचने आया दंपत्ति गिरफ्तार



नोएडा: दो किशोरियों को सिक्किम से अगवा करके बेचने के लिए नोएडा लाने वाले दंपति को थाना सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन किशोरियों को बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान इस दंपति ने स्वीकार किया है कि वे इन दोनों किशोरियों को ये बेचने के लिए नोएडा लाए थे। ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सिक्किम के पूर्वी जिला क्षेत्र के रोगपुर थाना क्षेत्र से 13 व 14 साल की दो किशोरियों को अगवा किया गया था। इस मामले में वहां मुकदमा दर्ज था।
उन्होंने बताया कि सिक्किम पुलिस ने इस मामले की सूचना नोएडा पुलिस को दी। पुलिस ने सर्विलांस विधि के आधार पर मामले की जांच शुरू की। सीओ ने बताया कि एक सूचना के आधार पर आज थाना सूरजपुर पुलिस दोनों किशोरियों को बरामद कर लिया और उन्हें अगवा करने वाले साबिर और उसकी पत्नी नगमा को गिरफ्तार कर लिया गया। नोएडा पुलिस की सूचना पर सिक्किम पुलिस पहुंच रही है। किशोरियों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वे पूर्वोत्तर राज्यों से मासूम बच्चियों को अगवा कर उन्हें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बेचते हैं। पुलिस को शक है कि इन लोगों ने कुछ बच्चियों को भी बेचा है। पुलिस इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है।

Previous Post Next Post