सियाचिन में 25 फुट मोटी बर्फ के नीचे भी छह दिन तक जिंदा रहा जवान


नई दिल्ली : सियाचिन में छह दिन पूर्व हिमस्खलन में बर्फ में 25 फुट नीचे दबे जवानों में से एक सोमवार को बचाव द्वारा आश्चर्यजनक रूप से जिंदा निकाल लिया गया। हालांकि जवान की हालत गंभीर है।

उत्तरी सैन्य कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डी.एस. हुडा ने कहा, ‘यह एक चमत्कार है। लांस नायक हनमन थापा को सैनिक अस्पताल में सुबह भर्ती कराया गया है। उसे बचाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘अब तक पांच शव बरामद हुए हैं जिनमें से चार की पहचान की जा चुकी है। बाकी जवानों का हमें अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।’

उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्नाटक निवासी थापा की तरह ही अन्य जवान भी चमत्कारिक रूप से बच जाएंगे।

ज्ञातव्य है कि मद्रास रेजिमेंट के एक जेसीओ और नौ अन्य जवान पाकिस्तान से लगे नियंत्रण रेखा के पास करीब साढ़े 19000 फुट की ऊंचाई पर बर्फ में उस समय दब गए थे जब उनकी चौकी इस हिमस्खलन में तबाह हो गयी थी। उस समय यहां का तापमान शून्य से 45 डिग्री कम था।
Previous Post Next Post