मणिपुर, असम समेत कई राज्यों में भूकंप के झटके


नई दिल्ली : मणिपुर, असम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.7 थी। इसका केंद्र मणिपुर का तेमेंगलोंग जिला था। 

मणिपुर में भूकंप से आई तबाही में एक के मौत की खबर है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

मौसम विभाग ने बताया कि भारत-म्यांमार सीमा पर सुबह करीब चार बजकर 35 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किये गये। यह 24.8 डिग्री उत्तर और 93.5 डिग्री पूर्व तथा जमीन की सतह से 17 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। मणिपुर, असम, मेघायल, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित कई राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किये गये। 
      
भूकंप से राजधानी इंफाल में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और कई स्थानों पर खंभे उखड़ गये हैं। कुछ मकानों में दरारें आ गई हैं। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और गली तथा सड़कों पर इकट्टा हो गए। इंफाल के अस्पतालों में मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। 
     
मीडिया खबरों के मुताबिक भूकंप से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और लगभग 50 लोग घायल हुये हैं। भूकंप के कारण बिजली आपूर्ति और मोबाइल सेवा ठप हो गया है। हालांकि कुछ समय के बाद मोबाइल सेवा बहाल कर दी गई। 

भूकंप की स्थिति पर पीएम मोदी ने की गोगोई से बात, हालात पर नजर
पीएम नरेंद्र मोदी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नज़र बनाये हुए हैं। मोदी ने ट्वीट करके कहा कि असम और उसके आसपास के क्षेत्रों में आए भूकंप के हालात पर उन्होंने असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई से फोन पर बात करके पूरी स्थिति का जायजा लिया है।

प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि असम के दौरे पर गए केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी उन्होंने भूकंप की स्थिति पर बात की है और वह सिंह से भूकंप से जुड़े हालात पर उनसे पल-पल की खबर ले रहे हैं।
Previous Post Next Post